खबरें

अपने PC पर ड्राइवर्स कैसे अपडेट करें

E
Epic Games
13 जुल॰ 2025

अगर आपने कभी नया PC बनाया है या उसके कुछ हार्डवेयर को अपग्रेड किया है, तो संभव है कि आपको मशीन को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपयुक्त ड्राइवर इंस्टॉल करने पड़े हों। ड्राइवर ऐसे ज़रूरी सॉफ़्टवेयर होते हैं जो आपके ऑपरेटिंग सिस्टम और उसके हार्डवेयर को एक साथ काम करने में मदद करते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह भी है कि अगर ड्राइवर पुराने हो जाएँ या आपके अन्य PC कॉम्पोनेंट्स या सॉफ़्टवेयर के साथ असंगत हों, तो ये समस्याएँ पैदा कर सकते हैं।

इस PC ड्राइवर गाइड में, हम आपको ड्राइवरों से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी देंगे। सबसे पहले हम समझाएंगे कि ड्राइवर्स क्या होते हैं, और फिर बताएंगे कि इन्हें अपडेट रखने के कितने तरीके हैं। हम यह भी समझाएँगे कि ड्राइवर अपडेट करते समय और अपने PC को स्मूद चलाने की कोशिश में आपको किन सामान्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, और साथ ही हम आपको समस्या निवारण भी बताएँगे।
 

PC में ड्राइवर्स क्या होते हैं?


ड्राइवर्स आपके PC के हार्डवेयर के लिए सॉफ़्टवेयर होते हैं। ये GPUs जैसे भौतिक उपकरणों और विंडोज़ जैसे ऑपरेटिंग सिस्टम के बीच मध्यस्थ के रूप में काम करते हैं। ड्राइवर्स आदेशों का अनुवाद करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि सब कुछ एकसाथ सुचारू रूप से काम करें। अगर आपके पास सही ड्राइवर्स नहीं हैं, तो हार्डवेयर ठीक से काम नहीं करेगा (या बिल्कुल नहीं करेगा), क्योंकि ऑपरेटिंग सिस्टम को यह समझ नहीं आएगा कि उससे संचार कैसे करना है। 
 

ड्राइवर्स क्या करते हैं और ये ज़रूरी क्यों हैं?


अपने ड्राइवर को अपडेट रखना आपके PC को सुचारू रूप से चलाने में मदद कर सकता है, क्योंकि इससे अनुकूलता, प्रदर्शन और स्थिरता बेहतर होती है। 

अगर आपका ऑपरेटिंग सिस्टम आपके PC का बॉस है, तो ड्राइवर उसके कर्मचारी की तरह हैं। अच्छे कर्मचारी एक हद तक स्वतंत्र रूप से काम करते हैं, जिससे बॉस का का समय बचता है। उदाहरण के लिए, जब आप कुछ प्रिंट करते हैं, तो ऑपरेटिंग सिस्टम वह टास्क प्रिंटर ड्राइवर को सौंप देता है। प्रिंटर ड्राइवर आपके दस्तावेज़ को उन निर्देशों में अनुवाद करता है जो प्रिंटर समझ सके। बॉस काम सौंप देता है और भरोसा करता है कि कर्मचारी बाकी सारा काम संभाल लेंगे। हर छोटी बात पर निगरानी की ज़रूरत नहीं। 

अपने ड्राइवरों को अपडेट रखना प्रदर्शन को बेहतर बना सकता है, क्योंकि ड्राइवर अपडेट्स अक्सर बग्स, कोडिंग त्रुटियों और अन्य तकनीकी खामियों को ठीक करते हैं। PC ड्राइवर को अपडेट करने से चीज़ें और सुचारू रूप से चल सकती हैं, और कुछ मामलों में हार्डवेयर और सॉफ़्टवेयर की अनुकूलता और प्रदर्शन भी बेहतर हो सकती है। 
 

ड्राइवर अपग्रेड की ज़रूरत होने के संकेत


अगर आप अपने PC में तकनीकी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो ड्राइवर अपडेट करना आपकी समस्या निवारण शुरू करने के लिए एक अच्छा कदम हो सकता है। यहाँ कुछ स्पष्ट संकेत दिए गए हैं जो बताते हैं कि आपके ड्राइवर पुराने हो सकते हैं।

  • अगर आपका हार्डवेयर बिल्कुल भी काम नहीं कर रहा है
  • अगर आपका सिस्टम धीमा चल रहा है
  • अगर आपका PC फ्रीज़ हो रहा है या क्रैश कर रहा है
  • अगर कुछ प्रोग्राम्स चलाते समय फ्रीज़ हो रहे हैं
  • अगर आपको विंडोज़ की कुख्यात "Blue Screen of Death" (BSOD) दिखाई दे रही है
  • अगर आप किसी हार्डवेयर का इस्तेमाल करने की कोशिश करते समय सिस्टम त्रुटि संदेश प्राप्त कर रहे हैं
  • अगर आप दृश्य गड़बड़ियों का सामना कर रहे हैं

ड्राइवर्स 1
 

कैसे पता करें कि आपके PC ड्राइवर्स अपडेटेड हैं या नहीं


अगर आपको यकीन नहीं है कि आपने लेटेस्ट ड्राइवर इंस्टॉल किए हैं, तो जांचने के कुछ आसान तरीके हैं। 

एक तरीका यह है कि आप अपने द्वारा इंस्टॉल किए गए किसी भी निर्माता-विशेष सॉफ़्टवेयर का इस्तेमाल करें। GPU, कीबोर्ड, माउस और मदरबोर्ड जैसे कॉम्पोनेंट्स के निर्माता अक्सर ऐसा सॉफ़्टवेयर बनाते हैं जो ड्राइवर अपडेट की जांच कर सकता है और यह सुनिश्चित करता है कि सब कुछ सही से काम कर रहा है। कई मामलों में, आप सॉफ़्टवेयर को यह निर्देश भी दे सकते हैं कि वह अपडेट की जांच करे और लेटेस्ट ड्राइवर अपने आप इंस्टॉल कर दे। 

PC में मौजूद, विंडोज़ अपडेट फीचर भी कुछ अनुशंसित ड्राइवरों को ढूँढ सकता है, डाउनलोड कर सकता है और इंस्टॉल कर सकता है। 

आप विंडोज़ उपकरण मैनेजर का उपयोग करके सभी जुड़े हुए उपकरणों और हार्डवेयर के ड्राइवर की वर्तमान जानकारी भी देख सकते हैं। किसी डिवाइस पर राइट-क्लिक करें और जो मेनू दिखाई दे, उसमें से Properties पर क्लिक करें। जो विंडो खुलेगी, उसमें Driver टैब आपको उसकी डिटेल्स तक एक्सेस देता है। 
 

PC पर ड्राइवर कैसे अपडेट करें


अपने PC ड्राइवर्स को अपडेट करने के लिए, आप आमतौर पर ऊपर बताए गए निर्माता-विशेष सॉफ़्टवेयर का इस्तेमाल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, GPU निर्माता AMD और Nvidia के पास ऐसा सॉफ़्टवेयर होता है जो विशेष रूप से आपके PC के हार्डवेयर के लिए ड्राइवर्स ढूँढने और इंस्टॉल करने के लिए बनाया गया होता है। 

आप विंडोज़ के Device Manager का उपयोग करके भी ड्राइवर्स अपडेट कर सकते हैं, उसी Driver टैब पर जाकर जिसका ज़िक्र हमने ऊपर किया था। 

दूसरा विकल्प यह है कि आप डिवाइस निर्माता की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएँ, जहाँ अक्सर उपयोगकर्ता नए और पुराने, दोनों ड्राइवर्स डाउनलोड कर सकते है। 
 

विंडोज़ का उपयोग करके ड्राइवर्स अपडेट करें


अगर आप विंडोज़ का उपयोग करके अपने ड्राइवर्स इंस्टॉल करना चाहते हैं, तो इसके दो आसान तरीके हैं।

Windows Update का उपयोग करके

  • कीबोर्ड शॉर्टकट Win + I का उपयोग करें, या Start Menu में Settings ढूंढें और परिणाम को चुनें।
  • Update & Security पर क्लिक करें।
  • Windows Update पर क्लिक करें।
  • Check for updates पर क्लिक करें।
  • जब विंडोज़ अपडेट्स की जांच पूरी कर ले, तो Download and install पर क्लिक करें।

 

Device Manager का उपयोग करके ड्राइवर्स अपडेट करें

 

  • कीबोर्ड शॉर्टकट Win + X का उपयोग करें, या Start Menu में Device Manager ढूंढें और परिणाम को चुनें।
  • उस डिवाइस कैटेगरी को चुनें जिसमें आपका हार्डवेयर आता है (जैसे कैमरा, कीबोर्ड, मॉनिटर आदि)।
  • जिस डिवाइस का आप ड्राइवर अपडेट करना चाहते हैं, उस पर राइट-क्लिक करें और जो मेनू दिखाई दे उसमें Update driver पर क्लिक करें।
  • नई विंडो में, आप अपने PC को ड्राइवर अपडेट खोजने के लिए कह सकते हैं।

 

ड्राइवर्स को मैन्युअली अपडेट करें


अगर आप ड्राइवर्स को मैन्युअली डाउनलोड और अपडेट करना चाहते हैं, तो प्रक्रिया लगभग समान ही होती है। 

Windows Update का उपयोग करके

  • कीबोर्ड शॉर्टकट Win + I का उपयोग करें, या Start Menu में Windows Update ढूंढें और परिणाम को चुनें।
  • Check for updates पर क्लिक करें।
  • जब विंडोज़ अपडेट्स की जांच पूरी कर ले, तो Advanced options पर क्लिक करें।
  • Optional updates पर क्लिक करें।
  • जिस ड्राइवर्स को आप इंस्टॉल करना चाहते हैं उन्हें चुनें, फिर Download and install बटन पर क्लिक करें।

 

Device Manager का उपयोग करके ड्राइवर्स अपडेट करें

  • कीबोर्ड शॉर्टकट Win + X का उपयोग करें, या Start Menu में Device Manager ढूंढें और परिणाम को चुनें।
  • उस डिवाइस कैटेगरी को चुनें जिसमें आपका हार्डवेयर आता है (जैसे कैमरा, कीबोर्ड, मॉनिटर आदि)।
  • जिस डिवाइस को आप अपडेट करना चाहते हैं, उस पर राइट-क्लिक करें और Update driver चुनें।
  • अगर आपने नया ड्राइवर पहले से डाउनलोड कर लिया है, तो Browse my computer for drivers चुनें।
  • फ़ाइल को ढूँढें, और अपने ड्राइवर को इंस्टॉल करने के लिए उसे चुनें। 

 

निर्माता की वेबसाइट से ड्राइवर्स डाउनलोड करें


आपके डिवाइस को बनाने वाली कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर आमतौर पर ड्राइवर्स डाउनलोड के लिए उपलब्ध होते हैं। सुनिश्चित करें कि आप केवल विश्वसनीय साइट्स से ही सॉफ़्टवेयर डाउनलोड करें। कोई नया ड्राइवर इंस्टॉल करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि वह साइट कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट ही हो। 

  • अपने डिवाइस का मेक और मॉडल, या उस सॉफ़्टवेयर का नाम पता करें जिसे ड्राइवर या अपडेट की ज़रूरत है। आप ऐसा Win + X दबाकर या Start Menu में Device Manager  ढूंढ कर और परिणाम पर क्लिक करके कर सकते हैं। 
  • Device Manager में उस डिवाइस कैटेगरी को चुनें जिसमें आपका हार्डवेयर आता है (जैसे कैमरा, कीबोर्ड, मॉनिटर आदि)।
  • उस डिवाइस पर राइट-क्लिक करें जिसे आप नए ड्राइवर से अपडेट करना चाहते हैं। 
  • जो मेनू खुले, उसमें Properties को चुनें।
  • जो विंडो खुले, उसमें Details टैब पर क्लिक करें। 
  • Property ड्रॉप-डाउन मेनू में, Hardware ID को हाइलाइट करें और उसे नोट कर लें। 
  • हार्डवेयर ID को ऑनलाइन ढूंढें, या कंपनी की वेबसाइट पर जाकर सही ड्राइवर ढूँढें।
  • सही ड्राइवर डाउनलोड करें। (इस फ़ाइल को अस्थायी रूप से स्टोर करने के लिए आपका Downloads फ़ोल्डर एक अच्छा स्थान है।) 
  • अपने कंप्यूटर में डाउनलोड किया गया ड्राइवर ढूँढें।
  • ड्राइवर की फ़ाइल पर डबल-क्लिक करें ताकि आप उसे इंस्टॉल या अपडेट कर सकें।

 

स्वचालित ड्राइवर अपडेट टूल का उपयोग करें


कई थर्ड-पार्टी सॉफ़्टवेयर टूल्स आपके सिस्टम को लेटेस्ट ड्राइवर्स के साथ अपडेट रखने में मदद कर सकते हैं। ये प्रोग्राम आपके सिस्टम में ड्राइवर्स की स्कैनिंग करते हैं और आपके लिए सभी अपडेट का प्रबंधन करते हैं। 

ध्यान रखें कि इनका हार्डवेयर निर्माताओं से कोई संबंध नहीं होता है। हमेशा यह जोखिम रहता है कि किसी स्वचालित ड्राइवर अपडेट टूल को चुनते समय आप मालवेयर  डाउनलोड कर सकते हैं। थोड़ा समय निकालकर इंटरनेट पर शोध करें ताकि यह पता किया जा सके कि जिस प्रोग्राम को आप चुन रहे हैं और जिस साइट से आप उसे डाउनलोड करने वाले हैं, वे दोनों विश्वसनीय हैं या नहीं। 

कई उपयोगकर्ता अपने अनुभव साझा करने में रुचि रखते हैं, और आप आसानी से उपलब्ध जानकारी के ज़रिए सॉफ़्टवेयर की विश्वसनीयता को समझकर एक सही निर्णय ले सकते हैं।

ड्राइवर्स 2
 

ड्राइवर अपडेट से जुड़ी सामान्य समस्याएँ


कभी-कभी ड्राइवर्स को इंस्टॉल या अपडेट करते समय आपको समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके कई कारण हो सकते हैं, लेकिन कुछ सामान्य समस्याएँ हैं जिनके बारे में आपको जानकारी होनी चाहिए। हम आने वाले खंडों में आपको इन्हें समझने और इनकी समस्या निवारण में मदद करेंगे। 

इंस्टॉलेशन विफलताएँ और अनुमति से जुड़ी समस्याएँ

नए ड्राइवर्स इंस्टॉल करते समय आपको जिन सामान्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, उनमें निम्नलिखित शामिल हैं: 

  • आपके डाउनलोड किए गए फ़ाइल करप्ट हो सकते हैं।
  • गलत ड्राइवर डाउनलोड हो गया है।
  • ड्राइवर इंस्टॉल करने के लिए डिस्क में पर्याप्त जगह नहीं है।
  • सॉफ़्टवेयर की अनुमति से जुड़ी समस्याएँ हैं।

सौभाग्य से, इन समस्याओं का सामना होने पर आप कुछ उपाय आज़मा सकते हैं। अगर आपको नीचे दिए किसी भी भाग को लेकर संदेह हो, तो एक साधारण इंटरनेट खोज आपको माइक्रोसॉफ्ट की मुफ़्त ऑनलाइन सहायता साइट ले जाएगा, जहाँ से आप ज़रूरी स्टेप्स, जैसे ड्राइव स्पेस खाली करना, आसानी से समझ सकते हैं।

  • अच्छी तरह जाँच लें कि आपने सही ड्राइवर्स डाउनलोड किए हैं।
  • अगर आपको संदेह है कि फ़ाइल करप्ट है, तो ड्राइवर को दोबारा डाउनलोड करें। (ऊपर दिए गए "निर्माता की वेबसाइट से ड्राइवर्स डाउनलोड करें" खंड को देखें।)
  • पुरानी या अनावश्यक फ़ाइलों को हटाकर अपनी ड्राइव में जगह खाली करें। विंडोज़ में मदद के लिए बिल्ट-इन टूल्स होते हैं, और माइक्रोसॉफ्ट की सहायता साइट आपको उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाएगी।
  • ड्राइवर्स को एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में इंस्टॉल करने  की कोशिश करें। 
  • ड्राइवर्स को Safe Mode में इंस्टॉल करने की कोशिश करें। माइक्रोसॉफ्ट की सहायता साइट आपको यह प्रक्रिया समझाएगी।
  • सुनिश्चित करें कि आपकी सुरक्षा और एंटीवायरस सेटिंग्स, सॉफ़्टवेयर की इंस्टॉल प्रक्रिया को रोक तो नहीं रही हैं।

 

मौजूदा सॉफ़्टवेयर से टकराव और अनुकूलता से जुड़ी समस्याएँ

कभी-कभी, भले ही आपका PC सुचारू रूप से चल रहा हो और सभी ड्राइवर्स अपडेटेड हों, फिर भी आपको अनुकूलता से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। PCs जटिल मशीनें होती हैं, और नए पैच या ड्राइवर्स कभी-कभी अन्य कॉम्पोनेंट्स के साथ अप्रत्याशित टकराव पैदा कर सकते हैं। यहाँ कुछ सामान्य परिस्थितियाँ दी गई हैं, जिनके बारे में आपको सतर्क रहना चाहिए।

  • आपके ड्राइवर्स करप्ट हो गए हैं।
  • दो या दो से अधिक ड्राइवर्स एक-दूसरे के साथ असंगत हैं।
  • विंडोज़ अपडेट्स ने आपके कस्टम ड्राइवर सेटिंग्स को ओवरराइड कर दिया है।
  • थर्ड-पार्टी सॉफ़्टवेयर हस्तक्षेप कर रहा है।

आपको हमेशा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो भी हार्डवेयर आप खरीद रहे हैं, वह आपके वर्तमान PC के साथ संगत हो। उदाहरण के लिए, यह सुनिश्चित करें कि आपका नया ग्राफ़िक्स कार्ड (GPU) आपके मदरबोर्ड के साथ संगत हो।

अगर आपको इनमें से कोई भी समस्या या ऐसी कोई दिक्कत होती है, तो यहाँ कुछ समस्या निवारण स्टेप्स दिए गए हैं जो आपके PC को फिर से सुचारु रूप से चलाने में मदद कर सकते हैं। जैसा कि हमने ऊपर लिखा है, एक साधारण इंटरनेट खोज आपको माइक्रोसॉफ्ट की मुफ़्त ऑनलाइन सहायता साइट पर ले जा सकती है, जो उदाहरण के लिए, असंगत सॉफ़्टवेयर खोजने या अपने PC को Clean Boot मोड में शुरू करने जैसे आवश्यक स्टेप्स में आपकी सहायता करेगी।

  • कोई भी पुराना या करप्ट ड्राइवर हटा दें।
  • कोई भी असंगत सॉफ़्टवेयर हटा दें।
  • अपने PC को Clean Boot Mode में चलाने की कोशिश करें।
  • यह सत्यापित करें कि आपके ड्राइवर्स आपके ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ संगत हैं।
  • किसी भी अपडेट के लिए दोबारा जाँच करें।
  • त्रुटि संदेशों की जाँच करें, और जो जानकारी मिले, उस पर शोध करें। 
  • सुनिश्चित करें कि आपका PC सॉफ़्टवेयर और हार्डवेयर के लिए न्यूनतम सिस्टम आवश्यकताओं को पूरा करता हो। 
  • अपने सॉफ़्टवेयर को Compatibility Mode में चलाने की कोशिश करें।
  • सहायता या गाइड के लिए ऑनलाइन फ़ोरम्स की जाँच करें।
  • मदद के लिए हार्डवेयर निर्माता से संपर्क करें।

 

Epic Games से और भी खोजें


अब जब आप ड्राइवर्स, उनके काम करने के तरीके, और उन्हें अपडेट रखने व अपने PC को सुचारू रूप से चलाने के उपायों को समझ चुके हैं, तो अब समय है यह जानने का कि इसे बेहतरीन स्थिति में कैसे बनाए रखें। आप अपने गेमिंग PC की देखभाल और उसे बेहतर स्थिति में बनाए रखने के बारे में और ज़्यादा जान सकते हैं, वो भी यहीं, Epic Games Store पर। हमारे पास ऐसे ढेरों लेख हैं जो आपको PC हार्डवेयर और रख-रखाव से जुड़ी अधिक जानकारी व गहरी समझ देंगे, साथ ही आपके PC पर खेलने के लिए शानदार गेम्स भी सुझाएँगे। उन्हें एक बार ज़रूर देखें।