खबरें

इंडोनेशियाई इंडी गेम Kejora का Cuphead शूट-एम-अप से पहेली प्लेटफ़ॉर्मर तक का सफ़र

J
Jason Rodriguez
27 जन॰ 2026
Kejora में एक ऐसा पल आता है, जब मुख्य कैरेक्टर और उसके दोस्त जंगल में एक मॉन्स्टर से अपनी जान बचाकर भाग रहे हैं। जैसे ही वह कटसीन शुरू हुआ, मेरी एक पुरानी याद अचानक ताज़ा हो गई: तब मैं सिर्फ छह साल का था। गर्मी का मौसम था। मैं फिलीपींस के बटांगस इलाके के एक फार्म हाउस पर था।

मैंने, मेरे कज़िन्स और पड़ोस के गांव के कुछ दोस्तों ने आपस में एक शर्त लगाई: सभी लोगों को 10 पेसो (उस समय लगभग 35 सेंट) जमा करना था और फिर शाम के समय घने जंगल को पैदल पार करना था। कोई भी घर के बड़ों को नहीं बता सकता। वैसे भी, हमारे दादा-दादी और नाना-नानी को पता चलता तो वे हमें इस जोख़िम के लिए बहुत डांटते। उन्हें मालूम था कि उस जंगल में नुनो सा पुन्सो, काप्रे, तिकबालंग और न जाने कैसी-कैसी काली शक्तियां छिपी बैठी हैं। बिना डरे, बिना चीखे-चिल्लाए और बिना भागे सबसे पहले जंगल पार करने वाला ही यह बड़ा इनाम जीतेगा। यह इनाम इतना था कि पास के दुकानदार से प्लास्टिक का बैग भरकर कोल्ड ड्रिंक खरीदी जा सके।

सूरज ढलते ही हम अपनी यात्रा पर निकल पड़े, किसी ने अपने हाथ में माला ले रखी थी तो किसी ने अन्टिंग-अन्टिंग, ताकि जंगल की उन अनदेखी ताकतों से बच सकें। मुश्किल से पाँच मिनट ही बीते थे कि अचानक किसी के चीखने की आवाज़ सुनाई दी। क्या उन्होंने पेड़ों की घनी शाखाओं के पीछे छिपकर घात लगाए किसी साये को देख लिया था? क्या वे हमें चेतावनी दे रहे थे कि हम रास्ते में किसी चीज़ पर पैर न रख दें? क्या वे रास्ता भटक गए थे और उस साये से बचने के लिए उन्हें अपने कपड़ों को झटपट पलटकर पहनना पड़ा? कहना मुश्किल था। मुझे बस इतना याद है कि हम सब अपनी जान बचाने के लिए वहाँ से सरपट भागने लगे। जब तक हम सब बाहर निकले, हम लगातार भागते रहे। लेकिन, इस बार भागने की वजह हमारे घर के बड़े थे जो हाथ में चप्पल लिए हमारे पीछे पड़ गए थे, और सच में वो चप्पलें मनानांगल से भी ज्यादा खतरनाक थीं।

वो यादें सिर्फ Kejora के उस भागने वाले सीन के दौरान ही ताज़ा नहीं हुईं, बल्कि उन शांत पलों में तब भी ताजा हुईं जब मेरे कैरेक्टर और उसके साथियों ने अपना एडवेंचर जारी रखा। लेकिन कंपनी के को-फ़ाउंडर और गेम डायरेक्टर Bagaskara “Bagas” Firdaus के अनुसार इंडोनेशिया के Berangin Creative स्टूडियो द्वारा निर्मित Kejora के डेवलपमेंट की यात्रा भी काभी उतार-चढ़ाव से भरी हुई थी।
 

Cuphead, Studio Ghibli और Valiant Hearts कनेक्शन


Firdaus ने मुस्कुराते हुए कहा, “विश्वास करो या न करो, लेकिन शुरुआत में हम Cuphead जैसा एक रन-एंड-गन, शूट-एम-अप (shmup) जैसा गेम बनाना चाहते थे।” ये 2019 की बात है, जब स्टूडियो में गिने-चुने लोग ही थे और काम अभी से काफी मुश्किल लग रहा था। “एक रन-एंड-गन गेम बनाना हमारे लिए बड़ी चुनौती होती। हमें बहुत सारे दुश्मन, ढेर सारे हथियार और बहुत सारे स्टेज डिजाइन करने पड़ते।”

और बस फिर क्या था, Firdaus और उनकी टीम ने एकदम से बिल्कुल ही अलग जॉनर अर्थात् पहेली प्लेटफ़ॉर्मर में स्विच करने का फैसला किया। यही सबसे सही फैसला था, खासकर इसलिए क्योंकि स्टूडियो उन्हीं कैरेक्टर्स और लोकेशन एसेट्स का इस्तेमाल करना चाहता था जिन्हें वो पहले ही तैयार कर चुका था। इसी तरह, Berangin Creative का ध्यान Ghibli-स्टाइल एनिमेशन पर फ़ोकस करना था। Firdaus कहते हैं, “कला के नज़रिए से देखें तो Ghibli एनिमेशन स्टाइल में हाथ से बनी चीज़ों का एहसास मिलता है। इसमें सिर्फ दिखावे के बजाय माहौल और भावनाओं पर बहुत ज़ोर दिया जाता है।” “इसी नज़रिए ने हमारी आर्ट डायरेक्शन पर बहुत गहरा असर डाला। हमारा लक्ष्य ऐसे स्पेस डिज़ाइन करना है जो गेम के माहौल और नैरेटिव को बड़ी बारीकी से सपोर्ट दें, ताकि प्लेयर्स इस दुनिया से और अधिक भावनात्मक रूप से जुड़ सकें।”
इंडोनेशियाई इंडी गेम Kejora का Cuphead Shoot Em Up से Puzzle Platformer Town तक का सफ़र
टीम ने Valiant Hearts: The Great War से भी प्रेरणा ली है, जो साल 2014 में Ubisoft द्वारा रिलीज किया गया एक मल्टी-अवॉर्ड विनिंग गेम है। Valiant Hearts में कई ऐसे कैरेक्टर थे जिनके पास अपने खास टूल्स और एक्शन थे। इस गेम में पहेली वाले ब्रेन टीज़र, स्टेल्थ सेक्शन और इमोशनल पल हैं, जिन्हें Kejora फिर से बनाना चाहते थे।

Firdaus आगे कहते हैं, “जब तक हमने Kejora का आइडिया पब्लिशर्स के सामने पेश किया, तब तक यह पूरी तरह से नैरेटिव पर आधारित पहेली वाली गेम का रूप ले चुका था। हमें विश्वास था कि इसका डिज़ाइन काफी डेवलप और मैच्योर है।”
 

मेड इन इंडोनेशिया


इंडोनेशियाई भाषा में Kejora का मतलब ‘मॉर्निंग स्टार’ होता है। यह गेम Central Java के एक छोटे और शांत गाँव की कहानी है, जो वहाँ के ग्रामीण कस्बों से प्रेरित है और जिसमें उनकी खास जेंकी-स्टाइल आर्किटेक्चर भी शामिल है। लेकिन इस शांत और खूबसूरत नज़ारे के पीछे एक गहरा रहस्य छिपा है, एक ऐसा श्राप, जिसने पूरे गाँव वालों को अपनी चपेट में ले लिया है। अब सब कुछ इस गेम की मुख्य कैरेक्टर—एक लड़की—के हाथों में है, जिसे इस श्राप की गहराई तक पहुँचकर इसकी असलियत का पता लगाना है।

फिरदौस बताते हैं, “हम मुख्य कैरेक्टर के लिए अलग-अलग नामों पर सोच-विचार कर रहे थे। हमने उन तमाम नामों पर गौर किया जो इंडोनेशियाई माता-पिता अपनी बेटियों के लिए अक्सर चुनते हैं और आखिरकार हमने Kejora नाम तय किया। यह एक बहुत ही खूबसूरत नाम है और इसका एक मतलब ऐसी रोशनी भी हो सकता है जो अंधेरे में चमकती है।”

Kejora के साथ उसकी दो सबसे करीबी दोस्त भी हैं: Guntur और Jaka. Kejora ग्रुप में सबसे ज़िद्दी है, वहीं Guntur को रूखे और काम से काम रखने वाले इंसान के तौर देखा जा सकता है, जबकि Jaka का स्वभाव में थोड़ा डरपोक और सावधान है। Valiant Hearts की याद दिलाने वाले कैरेक्टर्स के अनोखे एक्शन गेम की शुरुआत में ही नज़र आने लगते हैं, क्योंकि आपको बार-बार अपने साथियों के बीच स्विच करना पड़ता है ताकि आप उनकी काबिलियत का इस्तेमाल कर सकें। Guntur अपने मुक्कों से रुकावटों को चकनाचूर कर सकता है और साथ ही, Kejora को चढ़ाई करने में मदद के लिए बूस्ट भी दे सकता है। वहीं दूसरी ओर, जका भारी चीज़ों को धकेल सकता है और अपनी गुलेल से सटीक निशाना लगा सकता है।

शुरुआत में तो पहेली काफी आसान लगती हैं। हो सकता है कि आपको बस किसी चीज़ को उठाने के लिए घास के ढेर को तोड़ना पड़े या फिर किसी साँप को डराकर भगाने के लिए बस उस पर निशाना लगाना हो। आगे चलकर चीज़ें थोड़ी मुश्किल ज़रूर हो जाती हैं, पर इतनी भी नहीं कि आप परेशान हो जाएं। उदाहरण के लिए, एक ऐसा एरिया है जहाँ Kejora को फैक्ट्री की मशीनों का इस्तेमाल करके क्रेट्स को एक के ऊपर एक रखना होता है। इसके बाद, आपको Guntur से बूस्ट लेना होगा, फिर आपको Jaka के साथ एक लीवर पर शूट करना होगा और फिर एक बॉक्स को तोड़ने के लिए Guntur पर वापस स्विच करना होगा।

Firdaus कहते हैं, “Valiant Hearts की तरह, हम चाहते हैं कि पहेलियां आसान रहें। हमने इन सेक्शन को तभी शामिल किया जब हमें लगा कि वे कहानी और लेवल में फिट बैठते हैं। लेकिन हम इन्हें बहुत ज्यादा मुश्किल भी नहीं बनाना चाहते, नहीं तो खिलाड़ियों के लिए गेम में आगे बढ़ पाना मुश्किल हो जाएगा।”
 

Genderuwo


Kejora और उसके दोस्तों को केवल दिमागी पहेलियों का सामना नहीं करना है। उन्हें Genderuwo से भी बचकर निकलना है जो कि एक पौराणिक रहस्यमयी जीव है और जो इंडोनेशियाई लोककथाओं, खासतौर पर Central Java के इलाकों में अपने खौफ के लिए बदनाम है। यह दुष्ट आत्मा एक विशालकाय वनमानुष जैसा रूप धारण करती है, इसका पूरा शरीर कोयले की तरह काला है, लेकिन यह मासूम लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए किसी इंसान का रूप भी ले सकता है।

गेम में, खिलाडियों को स्टील्थ सेक्शन के दौरान Genderuwos का सामना करना पड़ता है। ये दिखने में किसी विशालकाय काली परछाईं जैसे लगते हैं, लेकिन इनमें Ghibli फिल्मों की हल्की सी झलक भी दिखती है जो इन्हें Spirited Away के No-Face जैसा बनाता है। इन चैप्टर्स में, आपका लक्ष्य झाड़ियों, क्रेट्स और पेड़ों के तनों का इस्तेमाल करते हुए दुश्मनों की नज़रों से बचकर स्क्रीन के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचना है। अगर आप किसी तरह पकड़े जाते हैं, तो स्क्रीन पर एक आँख दिखाई देगी और अगर आप समय रहते छिपने की जगह नहीं ढूँढ पाए, तो Genderuwo बेरहमी से पूरे ग्रुप पर हमला कर देगा जिससे एनकाउंटर रीसेट हो जाएगा।
इंडोनेशियाई इंडी गेम Kejora का Cuphead Shoot Em Up से Puzzle Platformer Monster तक का सफ़र
“Firdaus बताते हैं, ‘यहां इंडोनेशिया में, हमारे पास भी Barong, Kuntilanak और Jenglot जैसे बहुत सारे पौराणिक और अलौकिक मॉन्सटर हैं। लेकिन दो वजहों से हमने Genderuwo को ही चुना। पहली वजह, इंडोनेशियाई लोगों के बीच इसकी पहचान बहुत आसान है और शायद दक्षिण-पूर्वी एशिया के उन लोगों के लिए भी जो यहाँ की लोककथाओं से परिचित हैं।”

दूसरी वजह ज्यादा प्रैक्टिकल है: बाकी जीवों के मुकाबले Genderuwo को डिज़ाइन और एनिमेट करना आसान था। Firdaus कहते हैं, “हमारे स्टूडियो में सिर्फ चार एनिमेटर्स हैं। हमें पता है कि ये मॉन्स्टर्स गेमप्ले और कटसीन्स, दोनों का हिस्सा होंगे। अगर हम बहुत ज़्यादा क्रीचर जोड़ते या गेम का दायरा बहुत अधिक बढ़ा देते, तो हमें और भी डिटेल्स डिज़ाइन करनी पड़तीं और ढेर सारे हैंड-ड्रॉन एनिमेशन बनाने पड़ते। हमारी टीम के लिए यह काम बहुत मुश्किल होता।”
 

बाधाओं को पार करना


Kejora के डेवलपमेंट के दौरान Berangin Creative ने अपनी पूरी क्षमता से काम किया है। इसके बावजूद, दक्षिण-पूर्व एशिया में एक छोटा इंडी स्टूडियो होने के नाते कई चुनौतियाँ आती हैं।

इस बात पर भी गौर करते हुए कि शुरुआत में टीम में सिर्फ दो या तीन लोग ही थे, Firdaus कहते हैं, “डेवलपमेंट के दौरान हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि हम सीमित संसाधनों के साथ काम कैसे करेंगे।” “अब हमारी टीम में 11 लोग हैं, हालांकि हम में से ज़्यादातर लोग रिमोटली ही काम करते हैं। हमें बहुत सोच-समझकर तय करना पड़ता है कि कौन से कटसीन जोड़ने हैं या फिर क्या गेम के कुछ सेक्शन को हटा देना ही बेहतर होगा।”

फिलहाल फेडरल लेवल पर, इंडोनेशिया में गेम डेवलपर्स के लिए सपोर्ट अभी भी प्रोजेक्ट्स को सीधे तौर पर फंडिंग करने के बजाय आयोजन, एक्स्पोज़र और इंडस्ट्री प्रोग्राम्स के माध्यम से ज़्यादातर इकोसिस्टम बनाने पर फ़ोकस है। शुक्र है कि यहां Indonesia Game Developer Exchange (IGDX) जैसी पहल मौजूद हैं। यह Ministry of Communication and Informatics और गैर-लाभकारी Indonesian Game Association (AGI) का एक संयुक्त प्रयास है जो नेटवर्किंग और पहचान दिलाने में मदद करता है।
इंडोनेशियाई इंडी गेम Kejora का Cuphead Shoot Em Up से Puzzle Platformer Explore तक का सफ़र
Firdaus कहते हैं, “हाल के वर्षों में यह इंडस्ट्री और भी डायनेमिक और दिलचस्प होती जा रही है। अब कुछ यूनिवर्सिटीज़ गेम डेवलपमेंट के कोर्स ऑफ़र कर रही हैं और दूसरे शहरों में भी कई स्टूडियो खुल रहे हैं। Jakarta, Bandung और Bali जैसी जगहों पर अगल-अलग साइज़ वाले कई गेमिंग समुदाय बन चुके हैं और भी कई जगहों पर। अब लोगों के लिए इस फील्ड में आना, इन समुदायों से जुड़ना, चीज़ों के बारे में पूछना और दूसरों से सीखना काफी आसान हो गया है।”

जब Firdaus से पूछा गया कि कहानी पूरी होने के बाद खिलाड़ी Kejora से क्या सबक सीखेंगे, तो वो बस मुस्कुरा दिए। “गेम की मुख्य थीम में से एक है समय। हर कोई अपने समय का इस्तेमाल अलग-अलग तरीके से कैसे करता है? हमारे पास जो समय है, उसका हम कितना अच्छा इस्तेमाल कर रहे हैं? क्या हम वह समय उन लोगों के साथ बिता रहे हैं जिनकी हम परवाह करते हैं और क्या हम ऐसी चीजें कर रहे हैं जिन्हें हम बाद में अच्छे से याद करेंगे? हम चाहते हैं कि खिलाड़ी इन थीम से इमोशनली कनेक्ट महसूस करें।”

और जिस तरह से Kejora को रन-एंड-गन गेम से पहेली प्लेटफ़ॉर्मर बनने में सालों लग गए, और जिस तरह से मैंने अपने बचपन के वो साल प्रांत में दोस्तों और पड़ोसियों के साथ बिताए, शायद वह सच में बहुत अच्छा समय था।

Kejora Epic Games Store पर अब उपलब्ध है।